पुलिस के खिलाफ शिकायत देते मृतक के परिजन। संवाद
अंबाला। हत्या और आत्महत्या के अलग-अलग मामलों की जांच एसआईटी करेगी। इसी तरह हिसार में जमीन पर कब्जा करके तोड़फोड़ करने के मामले में भी हिसार रेंज के आईजी को एसआईटी गठित करने के निर्देश हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने दिए।
चंडीगढ़ से आए भाई-बहन ने गृह मंत्री को बताया कि उनके पिता ने कुछ समय पूर्व रेलवे लाइन पर सुसाइड कर लिया था और जीआरपी चंडीगढ़ थाने में केस भी दर्ज किया था। पिता की मृत्यु के कुछ दिनों पश्चात उन्हें सुसाइड नोट मिला, जिस पर लिखा था कि कुछ लोगों के दबाव में आकर वह सुसाइड कर रहे हैं। उनका आरोप था कि जीआरपी को शिकायत देने के बावजूद भी पुलिस ने मामले में अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है।
गृहमंत्री ने जीआरपी आईजी को इस मामले में एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए। वहीं पानीपत से आए फरियादी ने गृह मंत्री को उसके बेटे की हत्या मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने की शिकायत दी। फरियादी ने बताया कि उसके बेटे की रात को सोते समय करंट देकर हत्या कर दी गई थी और साजिश के तहत किसी अन्य को फंसाने की कोशिश की गई। आरोप था कि अब तक किसी भी आरोपी को पुलिस द्वारा पकड़ा नहीं गया है। गृह मंत्री ने इस मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए केस की जांच के लिए एसआईटी गठित करने के निर्देश दिए।
इन मामलों में भी गठित एसआईटी
गृह मंत्री ने हिसार निवासी फरियादी की शिकायत पर मकान पर कब्जा करने व तोड़फोड़ के मामले में भी आईजी हिसार को एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए। इसी तरह यमुनानगर निवासी युवक को विदेश भेजने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी के मामले में भी उन्होंने कबूतरबाजी के लिए गठित एसआईटी को कार्रवाई के निर्देश दिए। फरियादी ने बताया कि उनके बेटे को रोमानिया भेजने के नाम पर एजेंट ने पौने चार लाख रुपए की ठगी उनके साथ की थी। न तो बेटे को विदेश भेजा गया और न ही उनके पैसे लौटाए गए।
अन्य मामलों में कार्रवाई
हिसार से आए फरियादी ने महिला पर उसको ब्लैकमेल कर धमकियां देने व संपत्ति हड़पने के आरोप लगाए, यमुनानगर निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप, नूंह निवासी परिवार ने बच्चे की हत्या के मामले में कार्रवाई नहीं होने की शिकायत दी, इस पर गृह मंत्री ने एसपी नूंह को फोन पर मामले में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। झज्जर निवासी फरियादी ने उसके पिता की घर में घुसकर हत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने की शिकायत दी। इस पर गृहमंत्री विज ने आईजी हिसार को मामले में जांच के निर्देश दिए। इसी प्रकार गुरुग्राम निवासी परिवार ने उनके पड़ोसी पर मारपीट व धमकियां देने के आरोप लगाए। इस पर गृह मंत्री ने पुलिस कमिश्नर गुरुग्राम को कार्रवाई के निर्देश दिए।