अंबाला सिटी। कोर्ट ने दुष्कर्म के मामले में एक बहन और उसके रिश्तेदार को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इस मामले में शहर में महिला की मौसी सास के बेटे ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और इसमें महिला ने साथ दिया। यह सजा अंबाला की पोक्सो एक्ट की विशेष अदालत में एडीजे मनपाल रमावत की अदालत ने सुनाई।
दो दुष्कर्म के अन्य मामले अभी तक अदालत में लंबित हैं। इस मामले में पीड़िता दुष्कर्म होने के एक महीने बाद पता लगा कि उसके साथ जो गलत हाे रहा है, उसमें उसकी बहन जिम्मेदार है। ऐसे में उसके खिलाफ भी पीड़िता ने बयान दिए और कोर्ट ने सजा सुनाई। इस मामले में सुनवाई अंबाला की पॉक्सो एक्ट की विशेष अदालत में एडीजे मनपाल रमावत की अदालत में चली।
डीडीए अंबाला सुरजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को शहर निवासी दोषी को पॉक्सो एक्ट की धारा 4,1 के तहत 10 साल का कठोर कारावास और पांच हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है। दूसरी तरफ पीड़िता की बड़ी बहन को भी कोर्ट ने पॉक्सो एक्ट की धारा 17 के तहत 10 साल का कठोर कारावास की सजा सुनाते हुए पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया। जुर्माना नहीं भरने की सूरत में दोनों दोषियों को तीन-तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
पीड़िता ने यह शिकायत कराई थी दर्ज
पीड़िता ने सिटी थाना में 18 नवंबर 2021 को फोन पर शहर चौकी नंबर चार पर पॉक्सो एक्ट के मामले की जानकारी प्राप्त हुई। इसमें नाबालिग पीड़िता ने बताया कि वह 16 वर्ष की है और उसके चार बहन और दो भाई हैं। वह छठे नंबर पर आती है। वह अपनी बहन के साथ दिल्ली स्थित उसकी मौसी सास के घर पर गई थी। यहां दो साल रही। यहीं पर माैसी सास के बेटे ने उसके पहुंचने के तीन-चार दिन बाद उसके साथ गलत काम किया।
इसकी शिकायत अंधेरी चौक थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद पीड़िता आरोपी की प्रताड़ता को सह नहीं पाई और अंबाला आ गई। यहां फिर से बड़ी बहन के साथ रहने लगी। यहां पर दूसरी माैसी सास के बेटे ने गलत काम किया। इसके बाद पीड़िता ने बहन की माैसी सास को जब घटना बताई तो वह धमकाने लगी। ऐसे में पीड़िता फिर दिल्ली चली गई। यहां तीन-चार महीने रही। इसी दौरान पीड़िता की बात बरेली के रहने वाले व्यक्ति से हुई। बातचीत में बरेली निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसके पास पीड़िता की बड़ी बहन के वीडियो और फोटो हैं, अगर वह उसके पास नहीं आई तो वीडियो फोटो वायरल कर देगा।
बहन को बचाने के लिए पीड़िता बरेली चली गई, जहां पर व्यक्ति ने अपनी बहन के घर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ अंबाला आ गई। इस पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सूचना मिलने के अगले दिन 19 नवंबर 2021 को शहर निवासी आरोपी को पकड़ लिया और कोर्ट में पेश कर दिया। दूसरे आरोपी की निशानदेही के लिए पुलिस बरेली भी गई। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद 28 दिसंबर 2021 को पीड़िता ने एक और दरख्वास्त दी कि उसके साथ गलत काम कराने में उसकी बहन भी संलिप्त है। पुलिस ने बड़ी बहन को भी इस मामले में पकड़ लिया। इसके बाद तीसरे आरोपी को दिल्ली से पुलिस ने 23 जून 2022 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कोर्ट में चालान पेश कर दिया गया और मामले की सुनवाई अंबाला की पॉक्सो एक्ट की विशेष अदालत में चली।