शहर के माडल टाऊन स्थित जय दुर्गा केमिस्ट शॉप का शटर तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये का कीमती सामान चुरा ले गये। चोरी की इस वारदात की शिकायत दुकान मालिक प्रदीप कुमार ने पुलिस को दे दी है। दुकान मालिक प्रदीप कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह उन्हें शटर टूटे होने की सूचना मिली, जिसके बाद वह दुकान पर गये। उन्होंने बताया कि चोरों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़कर, और शटर लाक तोड़ दिये। चोर इस दुकान से परफ्यूम, बाडी स्प्रे, फेस वॉश, एलसीडी टीवी, सेटटाप बाक्स, कम्पयूटर सहित करीब आठ हजार की राशि व चेक बुक चुरा ले गये हैं। दुकान मालिक प्रदीप ने बताया कि चोरी हुआ सामान करीब तीन लाख रुपये का था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और सुराग जुटाने की कोशिश की। चोरी की इस घटना को लेकर मार्केट के दुकानदारों ने भी रोष जताया है। पुलिस मामले में जांच में जुटी है।