अंबाला। बुधवार को जिले में डेंगू के सात नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके बाद डेंगू से बीमार होने वाले मरीजों का आंकड़ा 65 पहुंच गया। वहीं खांसी, जुकाम व अन्य बीमारी के मरीज भी अस्पताल में बढ़ रहे हैं। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई बार लिखे जाने के बाद भी फॉगिंग का कार्य शुरू नहीं हुआ है। बुधवार को जो मामले सामने आए हैं, उसमें शहरी और ग्रामीण दोनों ही क्षेत्र से हैं। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में डेंगू के मामलों में वृद्धि हो सकती है। ऐसे में लोगों को स्वयं भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। साथ ही डेंगू से बचाव के लिए जो नियम हैं, उन सभी का पालन करने के लिए कहा है।