संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। कोरोना के मामले दिन पर दिन बढ़ते ही जा रहे हैं। रविवार को अचानक सात मामलों ने विभाग की चिंता बढ़ा दी। अब संक्रमितों की संख्या 24 तक पहुंच गई है, लेकिन दूसरी ओर अस्पतालों में ही विभाग मास्क को सेनिटाइजर के लिए सतर्क नहीं दिख रहे।
लोग बिना मास्क के अस्पताल में इधर से उधर घूमते दिख रहे हैं। दूसरी ओर आइसोलेशन वार्ड भी सक्रिय कर दिया है। कोरोना के मरीजों के डिस्चार्ज का समय भी अब 14 दिन से घटाकर सात दिन कर दिया है। अगर मरीज की स्थिति इन दिनों में ठीक रहती है तो मरीज को डिस्चार्ज किया जा रहा है।
यह रही अस्पताल की स्थिति : शहर के सिविल अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर में रविवार को एक दो स्टाफ को छोड़कर सभी बिना मास्क के ही दिखाई दिए। वहीं, अस्पताल में सेनिटाइजर से लेकर कोरोना से बचाव के लिए अन्य कोई व्यवस्था नहीं थी। इस कारण लोग सेनिटाइजर का भी प्रयोग नहीं कर पा रहे थे। छावनी के अस्पताल में भी कुछ इसी तरह की स्थिति दिखाई दी। जहां स्टाफ से लेकर मरीज और तीमारदार बिना मास्क के घूम रहे थे।
स्थिति पर रखी जा रही नजर : स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना पर विशेष रूप से निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा जिन भी मरीजों में कोरोना के लक्षण आ रहे हैं। उन्हें कोरोना टेस्ट कराने के लिए कहा जा रहा है। इससे कि कोरोना की स्थिति के बारे में पता चल सके। अभी नए आ रहे कोरोना संक्रमितों में स्वास्थ्य विभाग ने पाया है कि इस समय जो भी मरीज कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। उनकी न तो कोई ट्रेवल हिस्ट्री है और न ही उनके संपर्क में आने वाला कोई संक्रमित मिल रहा है। जिस कारण स्वास्थ्य विभाग दूसरी ओर राहत की सांस भी ले रहा है।