थाने में वीरवार देर शाम करीब दो घंटे तक बीन बजी। यह बीन एक सांप को पकड़ने के लिए सपेरे बजा रहे थे। यह सारा नजारा मुलाजिम एक तरफ खड़े हो कर देख रहे थे। सपेरे के सांप को काबू करने के बाद ही पुलिसकर्मियों की जान में जान आई। मुलाना थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी ने थाने में दो सांप देखे। उसने इसके बारे में साथियों के साथ ही थाना प्रभारी को भी दी। सभी को यह डर सता रहा था कि रात में यह सांप नाइट ड्यूटी पर तैनात किसी कर्मचारी को न डस ले। इसके बाद सांपों को पकड़ने के लिए सपेरा बुला लिया गया। कुछ देर में एक सपेरा आया और उसने बीन बजानी शुरू कर दी। थाने में बीन की आवाज सुनकर धीरे-धीरे लोग पहुंचने लगे। सपेरा भी कभी इधर, तो कभी उधर जाकर बीन बजाने लगा, लेकिन सांप नहीं मिला। हां, थाने से बीन की आवाज सुन लोग की संख्या जरूर बढ़ने लगी। कर्मचारियों ने भी सपेरे को कभी इधर तो कभी उधर सांप होने के बारे में बताया। करीब दो घंटे तक मुलाना थाने में बीन बजती रही और सपेरा सांप ढूंढता रहा। दो घंटे के बाद सपेरे ने आखिरकार एक सांप को पकड़ लिया। इसके बाद थाने के कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी सुधीर तनेजा ने बताया कि कईं सांपों को पहले भी थाने में देखा गया है। फिलहाल सांप को सपेरा ले गया है।