बराड़ा में दादुपुर-नलवी नहर में गिरी बाइक को देखते लोग। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। नाहरा गांव में शुक्रवार सुबह बाइक मिलने से सनसनी फैल गई। लोगों ने समझा शायद कोई बाइक सवार नहर में गिरकर डूब गया है। दरअसल शुक्रवार सुबह नाहरा गांव में दादुपुर-नलवी नहर से गुजर रहे लोगों ने एक बाइक को नहर में देखा। देखते ही देखते लोगों की वहां भीड़ लग गई। लोगों ने सोचा कि बाइक चालक भी पानी में होगा। लोगों ने तुंरत डायल 112 पर कॉल की। इस पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बाइक को बाहर निकाला। एएसआई रोशन कुमार ने बताया कि बाइक की दोनों नेम प्लेट नहीं थी। इसके अलावा बैटरी भी नहीं थी। वहीं दमकल विभाग के गोताखोर हरनेश कुमार और फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार ने नहर में सर्च अभियान चलाया लेकिन कहीं भी कुछ नहीं मिला। एसआई रोशन लाल ने बताया कि बाइक के इंजन और चेसिज नंबर से मालिक की पहचान की जाएगी। फिलहाल बाइक को थाने में ले जाया गया है और जांच की जा रही है।