अंबाला। छावनी के घसीटपुर स्थित हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित आशियाना स्कीम के तहत सेक्टर 33-34 में 1640 मकान बनाए थे। वहीं स्ट्रीट लाइट लगाकर सड़कों को रोशन किया था। अब स्थिति यह है कि रात होते ही अधिकतर स्ट्रीट लाइटें खराब होने के कारण अंधेरा पसर जाता है।
अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। गत दिवस ही एक साथ दो बाइक चोरी हो गई थी। अधूरी सुविधाओं के बीच जीवन यापन कर रहे परिवार कई बार स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की मांग उठा चुके हैं। वे अधिकारियों के भी चक्कर काट चुके हैं। इसके बावजूद कोई सुनवाई करने को तैयार नहीं।
हरभजन ने बताया कि वह जे ब्लॉक का निवासी है और कैटरिंग का काम करता है। उसके ब्लॉक में दर्जनाें स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी व कर्मचारी इन लाइटों को ठीक करने नहीं आते।
बीर सिंह ने बताया कि वह आई ब्लॉक का निवासी है और सब्जियां बेचता है। रात को सब्जियां बेचकर आता है तो उनकी काॅलोनी में अंधेरा पसरा रहता है। चंद स्ट्रीट लाइट ही चालू रहती हैं। इनकी मरम्मत भी होनी चाहिए।
जी ब्लॉक निवासी किशन पाल ने बताया कि काॅलोनी में पोल पर लगी कई स्ट्रीट लाइटें पिछले काफी समय से टूटी पड़ी हैं और कुछ खराब हो चुकी हैं। संबंधित अधिकारियों की अनदेखी के कारण यह महज शोपीस बनकर रह गई हैं।
सी ब्लॉक निवासी राम सिंह ने बताया कि अंधेरे में ही अपने वाहन घरों के आगे खडे़ करने पड़ते हैं। तीन महीने पहले रात के समय अंधेरे में पांच बाइक चोरी हो गई थी। जिसका आज तक पता नही चला। व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए।
एम ब्लॉक निवासी टीका राम ने बताया कि कई ब्लॉक तो ऐसे हैं, जिनमें घरों के आगे लगे बिजली के पोल से लाइटें गायब हैं। वहां पर शाम ढलते ही अंधेरा पसर जाता है। अंधेरा होने के कारण लोग घरों से बाहर सड़क पर नहीं निकलते।
स्ट्रीट लाइटों के जुड़े मामले एक्सईएन इलेक्टि्रक डिविजन देखते हैं और हमारे पास अभी तक स्ट्रीट लाइट से संबंधित कोई शिकायत नहीं आई है। फिर भी समस्या का जल्द समाधान करवाया जाएगा।
-दर्शन कुमार, एसडीएम अंबाला सिटी, स्टेट ऑफिसर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण।