रेलवे रोड स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेन ब्रांच की बुधवार को जोरदार धमाके के साथ चालीस फुट की दीवार गिर गई। बताया जाता है कि जल विभाग की ओर से स्कूल के पीछे ट्यूबवैल लगाया जा रहा था कि अचानक यह दीवार गिर गई। इसी दीवार के साथ स्कूल का कमरा था, जबकि आंगनबाड़ी के बच्चों को रूटीन से हटकर कुछ देर पहले ही भोजन आदि खिलाकर रवाना किया था। इस संबंध में प्रिंसिपल ने पुलिस को शिकायत दी है। स्कूल की दीवार से कुछ दूर ही जल विभाग द्वारा ट्यूबवेल लगाया जा रहा है। इस दौरान निकली रही मिट्टी आदि को स्कूल की दीवार के साथ ही डाला जा रहा है। बुधवार को अचानक दीवार एक धमाके के साथ गिर गई, जिससे स्कूल में दहशत फैल गई। तुरंत ही अध्यापक व प्रिंसिपल मौके पर पहुंचे और देखा कि करीब चालीस फुट दीवार ढह गई है। प्रिंसिपल नीरज गौतम ने बताया कि जिस तरह से ट्यूबवेल की खुदाई के बाद मिट्टी दीवार के साथ डाली गई, उसी कारण से यह दीवार ढह गई है। यह सौभाग्य रहा कि निर्धारित समय से पहले ही आंगनबाड़ी के बच्चों को भोजन आदि खिलाकर रवाना किया था, जबकि इसी दीवार के साथ सातवीं कक्षा लग रही थी, जिसमें काफी बच्चे मौजूद थे। इस संबंध में उन्होंने पुलिस व शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शिकायत दी है।