अंबाला सिटी जिले के राजकीय स्कूलों में 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 15 फरवरी और 9वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी। इन परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। इन नॉन बोर्ड परीक्षा को लेकर भिवानी बोर्ड की तरफ से प्रश्न-पत्र भेज दिए हैं।
यह परीक्षा बोर्ड कक्षाओं की तर्ज पर ली जाएगी। इन परीक्षा को लेकर बोर्ड कक्षाओं की तर्ज पर जिला व खंड स्तरीय तीन सदस्यीय फ्लाइंग चेकिंग करेगी। डीईओ की जिला स्तरीय कमेटी में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला गणित विशेषज्ञ, जिला विज्ञान विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। इसी तरह खंड स्तरीय कमेटी में खंड शिक्षा अधिकारी कम बीआरसी, दो वरिष्ठ प्रधानाचार्य शामिल रहेंगे।
हो चुके प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट
इन परीक्षाओं से पहले कक्षा 9वीं और 11वीं की प्री-वार्षिक परीक्षा, प्रेक्टिकल व इंटरनल असेसमेंट लिए जा चुके हैं। परीक्षा को लेकर डेटशीट जारी कर दी गई है। स्कूल मुखिया को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि इन परीक्षाओं को बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर कमरों में शेड्युल बनाकर लिया जाए। किसी भी परीक्षा को बरामदे में न करवाया जाए। अगर किसी विषय में विद्यार्थी की रि-अपीयर आती है तो उस विद्यार्थी की परीक्षा विद्यालय स्तर पर ही ली जाएगी।
15 से बदलेगा स्कूलों का समय
वार्षिक परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए 15 फरवरी से विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। एकल शिफ्ट वाले विद्यालय सुबह आठ से दोपहर 2.30 बजे तक लगेंगे, जबकि दोहरी शिफ्ट वाले विद्यालयों के लिए पहली शिफ्ट सुबह सात से दोपहर 12.30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर बाद 12.45 से सायं 6.15 तक रहेगी।
वर्जन
राजकीय स्कूलों में 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं 15 फरवरी और 9वीं कक्षा की 17 फरवरी से शुरू होंगी। इन नॉन बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन बोर्ड परीक्षाओं की तर्ज पर किया जाएगा। परीक्षाओं के लिए जिला व खंड स्तरीय तीन सदस्यीय फ्लाइंग भी बनाई गई है। यह फ्लाइंग परीक्षा के दौरान चेकिंग करेगी। दोनों कक्षा की परीक्षा के प्रश्न-पत्र बोर्ड से आ चुके हैं।
सुरेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला।