अंबाला सिटी। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की गई पूछताछ के विरोध में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सत्याग्रह किया। यह सत्याग्रह कांग्रेस भवन कार्यालय में शहर में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राम किशन गुर्जर की अध्यक्षता में हुआ। राम किशन गुर्जर ने कहा कि पहले उनके नेता राहुल गांधी और अब सोनिया गांधी के साथ ईडी द्वारा की जा रही पूछताछ राजनीतिक साजिश है।
उन्होंने कहा की राजनीतिक द्वेष के चलते सरकार नेताओं को परेशान करने के लिए उनके खिलाफ ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों को इस्तेमाल कर रही है। देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण ढंग से हर नागरिक को विरोध करने का पूरा हक है। राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं की दिल्ली में गिरफ्तारी पर राम किशन गुर्जर ने कहा कि सरकार लोकतंत्र का गला घोट रही है। पुलिस ने सरकार के कहने पर जिस प्रकार कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी की और उनके साथ दुर्व्यवहार किया यह बहुत निंदनीय है।
प्रदेश कोषाध्यक्ष अधिवक्ता रोहित जैन ने कहा कि केंद्र सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने से रोकने के लिए कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ ईडी का इस्तेमाल कर रही है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने लोगों के मुद्दों को उठाया है। इस कारण सरकार केंद्रीय एजेंसियों को उनके पीछे लगा रही है। इस दौरान वरिष्ठ नेता तरुण चुघ, बलविंद्र सिंह पुनिया, जिला सेवा दल प्रधान कुलदीप सिंह गुल्लू, राजीव गांधी पंचायती राज जिला प्रधान, सुरजीत पंजोखरा, पार्षद मिथुन वर्मा, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता देवेंद्र बजाज, पवन अग्रवाल, देवेंद्र वर्मा, इशु गोएल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप चौधरी आदि मौजूद रहे।