अंबाला। सीआरपीएफ के उप कमांडेंट की पत्नी के बैग से 18 तोला सोना और नकदी चोरी करने वाले सांसी गिरोह के सदस्य को आरपीएफ व जीआरपी की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गांव सांगला हिसार निवासी राजेश कुमार के तौर पर हुई है। आरोपी को अंबाला कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म 6-7 से उस समय काबू किया गया, जब वो किसी अन्य ट्रेन में चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास कर रहा था। आरोपी के कब्जे से लगभग 14 तोला सोना भी बरामद कर लिया है। वहीं प्राथमिक पूछताछ के दौरान किसी अन्य सदस्य का नाम अभी इस मामले में सामने नहीं आया है। आरोपी ने चुराई गई नकदी में से 50 हजार रुपये खर्च कर दिए हैं और चार तोले सोना राह किसी व्यक्ति को बेच दिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पिछले एक माह से चल रही छापामारी
पुलिस टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए एक माह से दबिश दे रहीं थी। इसमें आरपीएफ की सीडीपीएस टीम से निरीक्षक प्रशांत कुमार, उप निरीक्षक कबूल चंद, कांस्टेबल श्रीपाल और आरपीएफ की तरफ से प्रभारी धर्मवीर सिंह, मुख्य सिपाही सुशील और संजीव कुमार की तैनाती की गई थी। आरोपी 13 जून को रात लगभग 10 बजे प्लेटफार्म 6-7 पर था तो मुखबिर की सूचना पर उसे तुरंत काबू कर लिया गया।
हाई-प्रोफाइल मामला
मामला हाई-प्रोफाइल था। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के उप कमांडेंट से जुड़ा हुआ था। इसलिए मामले की गंभीरता से जांच की गई। घटना 15 मई की है। सीआरपीएफ में तैनात नवीन चतुर्वेदी ने शिकायत दी थी कि वो ट्रेन नंबर 04671 में पत्नी एवं 2 बच्चों संग नई दिल्ली से कटरा तक सफर कर रहे थे। 16 मई को वो सुबह 11 बजे वो जम्मू पहुंच गए और यहां से वो प्राइवेट टैक्सी द्वारा श्रीनगर पहुंचे। सीआरपीएफ मुख्यालय पहुंचने के बाद 17 मई की सुबह जब उन्होंने अपना सामान चेक किया तो पाया कि उनके ट्राली बैग में रखी गयी ज्वैलरी एवं नकदी गायब है। बैग का निरीक्षण करने पर पाया कि किसी ने बैग की ऊपरी पाकेट की चेन को खोलकर अंदर के हिस्से को काट कर कपड़ों के नीचे रखे सोने एवं नकली गहनों एवं नकदी चोरी कर ली है।