नारायणगढ़। वेतन न मिलने से नाराज शहरी ठेका सफाई कर्मचारियों ने वीरवार को प्रदर्शन करके शोषण व भ्रष्टाचार की जननी ठेका प्रथा का पुतला फूंका। कर्मचारियों ने सामुदायिक केंद्र में एकत्रित होकर यूनियन नेता शशांक हंस, बीर सिंह व धर्मवीर के नेतृत्व में डाॅ. आंबेडकर चौक तक प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वेतन न मिलने के कारण उनके परिवार दशहरा नहीं मना सके। उन्होंने इसके लिए ठेकेदार व प्रशासन के साथ ही प्रदेश सरकार को भी जिम्मेवार ठहराया, क्योंकि सरकार ने यदि ठेका प्रथा लागू न की होती तो उनको भी दूसरे कर्मचारियों की तरह समय पर वेतन मिलता और वह भी त्योहार को खुशी से मना पाते। कर्मचारियों ने प्रदर्शन के माध्यम से दो महीने के बकाया वेतन का भुगतान करने, ठेका प्रथा बंद करने, सफाई कर्मचारियों को पक्का करने तथा न्यूनतम वेतन तीस हजार रुपये लागू करने की मांग की। संवाद