अंबाला शहर के गद्दी सिद्ध किराना मंदिर में कथा सुनाते बाबा गोपाल दास। प्रवक्ता
अंबाला सिटी। गद्दी सिद्ध किराना मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। गद्दी श्री सिद्ध किराना सहारनपुर के पीठाधीश्वर बाबा गोपाल दास महाराज ने नारद जन्म प्रसंग और महर्षि वेदव्यास के महात्म्य का विस्तार से वर्णन किया। कथा व्यास ने बताया कि नारद पूर्व जन्म में एक दासी पुत्र थे, जिन्होंने संतों की सेवा और सत्संग से भक्ति व वैराग्य को प्राप्त किया। संतों के आशीर्वाद से ही वह देवर्षि नारद बने। महाराज ने राजा परीक्षित और महर्षि शुकदेव के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल सात दिनों के श्रवण मात्र से ही परीक्षित को मोक्ष की प्राप्ति हुई थी। उन्होंने महर्षि वेदव्यास को भगवान का अंशावतार बताया, उनके द्वारा वेदों के विभाजन और पुराणों की रचना के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद भजनों की मधुर प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। संवाद