पंचायत भवन में अधिकारियों को निर्देश देते हुए आबकारी आयुक्त अशोक मीणा। विज्ञप्ति
अंबाला सिटी। आबकारी एवं कराधान विभाग हरियाणा के आयुक्त अशोक मीणा ने शुक्रवार को पंचायत भवन अंबाला शहर में अधिकारियों के साथ अवैध शराब को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2024 के दृष्टिगत जीरो टॉलरेंस नीति को अपनाते हुए कहीं पर भी अवैध शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी अपनी ड्यूटी को पूरी तत्परता से निभाएं। आयुक्त अशोक मीणा ने बैठक के दौरान अधिकारियों को बताया कि हरियाणा में 25 मई को चुनाव होने हैं और इससे पहले विभिन्न राज्यों में चुनाव हो रहे हैं।
अवैध शराब के साथ-साथ अन्य हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। पंजाब, चंडीगढ़ के माध्यम से हरियाणा के जरिए कहीं से भी अवैध शराब नहीं जानी चाहिए, इस पर संबंधित टीमें पैनी नजर रखें। जिला स्तर पर इंटर स्टेट जो नाके लगाए गए हैं, टीमें उन नाकों पर अवैध शराब पर रोक लगाए।
आबकारी विभाग की ओर से हरियाणा में 42 रूट निर्धारित किए गए हैं, एक पोर्टल भी बनाया गया है। संबंधित टीमें इस बात का विशेष ध्यान रखेंगी कि कहीं भी शराब कानूनी या गैरकानूनी आ रही है, उसकी चैकिंग करेंगे। किसी को भी नाजायज तंग न करें।विशेष रूप से पंजाब और चंडीगढ़ से आने वाली हर गाड़ी की गहनता से जांच करें।
शराब से संबंधित जो लाइसेंस जारी किया गया है, उसके तहत जितनी शराब की परमिट है, अन्य कार्य जैसे ड्राइवर का नाम, रूट का नाम सभी चैक करेंगे। आयुक्त अशोक मीणा ने यह भी कहा कि यह कार्रवाई चार जून तक जारी रहेगी। आबकारी विभाग ने चुनावों को लेकर मैनेजमैंट पोर्टल भी बनाया है। एनफोर्समेंट ब्यूरो, पुलिस विभाग, एक्साइज विभाग और अन्य नाकों पर संबंधित टीम की ओर से जो कार्रवाई की जा रही है, वह इस पोर्टल पर भी अपलोड करें।