अंबाला। एसबीआई योनो एप से भुगतान करने के दौरान मोबाइल फोन हैक कर एयरफोर्स स्टेशन कैंट में तैनात जवान के खाते से 1.95 लाख रुपये कट गए। मूल रूप से धुले (महाराष्ट्र) निवासी और वर्तमान में एयरफोर्स स्टेशन कैंट में कार्यरत बधाने पतिगराज युवराज ने 28 सितंबर को अपने परिचित सर्राफा व्यापारी को 50 हजार रुपये की पेमेंट करने के लिए मोबाइल में एसबीआई का योनो एप खोला था। पेमेंट प्रक्रिया के दौरान अचानक उनका मोबाइल फोन जाम हो गया। कुछ देर बाद जब फोन सामान्य हुआ और उन्होंने बैंक खाता चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। खाते से व्यापारी को भेजी गई रकम के अलावा 1,95,000 अतिरिक्त कट चुके थे। पीड़ित जवान ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। जांच अधिकारी विक्रम ने बताया कि जवान के बयान के आधार पर धोखाधड़ी की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। संवाद