अंबाला। महंगे शौक के चक्कर में धोखाधड़ी के रास्ते को अपनाने वाले लक्ष्य दत्ता को पुलिस ने चार दिन का रिमांड खत्म होने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस ने दो दिन पहले 5 लाख और अब 7 लाख रुपये बरामद किए। इस तरह 12 लाख रुपये की बरामदगी करने के बाद उसे सोमवार कोर्ट में पेश किया था।
इस मामले में एक एमबीबीएस डॉक्टर की भी संलिप्तता सामने आ रही है, लेकिन पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं, हिसार में भी लक्ष्य दत्ता का एक मामला हुआ था और उसमें वह जांच शामिल हुआ था। उस मामले का अंबाला से कोई जुड़ाव नहीं है। बताया जाता है कि लक्ष्य दत्ता के महंगे शौक थे और वो उसे पूरा करने के चक्कर में धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम देता था।
वह मोबाइल के वीआईपी नंबरों को भी बेचने का काम करता था। बता दें कि इस मामले की शिकायत पिहोवा निवासी मनीष ने खुद गृहमंत्री अनिल विज को दी थी। उनके निर्देश पर आईजी ने मामला दर्ज कर किया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि छावनी भाजपा नेता ने विज का ओएसडी बताकर उनसे एएसआई भर्ती कराने के नाम पर 27 लाख रुपये ले गया था। इस मामले में भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। जबकि इस मामले में आरोपी लक्ष्य दत्ता फरार हो गया था। पुलिस ने लक्ष्य पर पांच हजार रुपये का इनाम भी रखा था।