अंबाला। जनवरी माह में लापता हुए आईटीबीपी के जवान को आरपीएफ ने अंबाला कैंट रेलवे से ढूंढ लिया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की।
दरअसल, आरपीएफ को रेलवे कंट्रोल से संदेश और एक फोटो प्राप्त हुआ था। इसमें जानकारी दी गई थी कि लद्दाख में तैनात आईटीबीपी का जवान विनोद बरेली स्थित अपने घर छुट्टी पर आया था, लेकिन अचानक वो लापता हो गया। उसके परिजन पहले उसे अपने स्तर पर ढूंढते रहे, लेकिन वो नहीं मिला। इस दौरान शनिवार रात को अंबाला कैंट स्टेशन पर तैनात आरपीएफ को संदेश मिला कि उक्त जवान की अंतिम लोकेशन अंबाला कैंट स्टेशन पर मिली है।
जानकारी मिलते ही आरपीएफ पोस्ट पर तैनात उप निरीक्षक कुलबीर सिंह ने तुरंत पांच सदस्य टीम का गठन किया और जवान की फोटो सांझा की। इसके बाद कुछ जवान प्लेटफार्म पर चले गए तो कुछ रेलवे परिसर में तलाश करने लगे। लगभग 10 बजे उन्हें पार्किंग में जवान नजर आ गया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने अपनी जानकारी आरपीएफ के साथ साझा कर दी और बताया कि परिवार में झगड़ा हो गया था इसलिए वो किसी को जानकारी दिए बिना ही घर से निकल गया था। इसके बाद मामले की जानकारी जवान के भाई से सांझा की गई तो वो भी रविवार को आरपीएफ पोस्ट पर पहुंच गए। यहां कागजी कार्रवाई के बाद आईटीबीपी जवान को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।