संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। ट्रेन में खिड़की से यात्री को ट्रेन में चढ़ा रहे कुली को पकड़ लिया। इसकी भनक लगने पर कुली के साथी धरने पर बैठ गए। आरपीएफ थाना प्रभारी ने उन्हें समझाकर मामला शांत कराया।
आरपीएफ की चेतावनी के बाद भी कुली ट्रेनों में खिड़की के माध्यम से यात्रियों को चढ़ाने का काम कर रहे हैं। ऐसे ही एक कुली को मंगलवार उस समय आरपीएफ ने पकड़ लिया, जब वो स्लीपर कोच में खिड़की से यात्री व उसके सामान को चढ़ा रहा था। हालांकि कुली ने इसके लिए माफी भी मांगी, लेकिन आरपीएफ ने पूर्व में दी गई चेतावनी का हवाला देते हुए उसके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
जब इसकी भनक कुली के अन्य साथियों को लगी तो वो काम छोड़कर आरपीएफ पोस्ट के बाहर धरने पर बैठ गए। लगभग दो घंटे तक धरने के बाद आरपीएफ थाना प्रभारी जावेद खान ने समझाया कि वो सही तरीके से काम करें तो उन्हें परेशान नहीं किया जाएगा। इसमें रेलवे और यात्रियों की सुरक्षा को बढ़ा सवाल है। कहीं ट्रेन में चढ़ते या उतरते समय कोई हादसा हो गया तो इसकी जिम्मेदारी कुलियों की होगी। वहीं कुलियों ने आश्वासन दिया कि वो अब खिड़की के माध्यम से किसी भी यात्री को ट्रेन में नहीं चढ़ाएंगे।