महेश नगर थाना क्षेत्र में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले सीसीटीवी में हुए कैद
अंबाला। एकता विहार कॉलोनी के नजदीक दीप नगर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने बिजली के कांट्रेक्टर से चाकू और पिस्टल के दम पर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
वीरवार रात को पहले से रेकी कर रहे बदमाशों ने बाइक को दूसरी गली में खड़ा किया और खाली प्लाॅट से होते हुए कांट्रेक्टर अनमोल सैनी की कार तक पहुंचे। रात 10 बजकर 30 मिनट पर जैसे ही कांट्रेक्टर कार से उतरने लगा तो बदमाशों ने उसे दोबारा ड्राइवर सीट पर बैठा दिया। पहले तो चाकू बाजू में मारा और फिर छाती पर हमला किया।
विरोध करने पर पिस्टल दिखाते हुए हाथ से 16 तोले का ब्रेसलेट और सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गए। यह पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घायल ने परिजनों और इलाका पुलिस को सूचित किया। घायल का छावनी नागरिक अस्पताल में उपचार हुआ। महेश नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घायल अनमोल ने बताया कि वह बिजली का कांट्रेक्टर है और उसका खुड्डा के पास कार्यालय है। वह वीरवार को कार्यालय से वापस अपने घर जा रहा था। घर से कुछ ही दूरी पर गाड़ी खड़ी करने के बाद वह फोन पर बात कर रहा था। जैसे ही उतरने लगा तो खाली प्लाॅट से आए बदमाशों ने हमला कर दिया।
बदमाश एक घंटे से कर रहे थे रेकी
लूट की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर एक घंटा पहले से रैकी कर रहे थे। जांच एजेंसियों और परिजनों ने जब इलाके के अलावा कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी को खंगाला तो उसमें एक घंटा पहले बदमाश नजर आए। वह बदमाश बिना नकाब के स्पलेंडर बाइक पर खड़े थे और कांट्रेक्टर का इंतजार कर रहे थे।
महेश नगर थाना क्षेत्र में लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले सीसीटीवी में हुए कैद