संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। डिफेंस कॉलोनी के सेक्टर-बी में किराये पर रहने आए मजदूरों ने मकान मालिक सेना से बतौर हवलदार सेवानिवृत श्याम लाल से मारपीट कर घायल कर दिया और कमरे में बंद कर ऊंची आवाज में टीवी चलाकर जेवरात, नकदी, मोबाइल सहित कीमती कपड़े लेकर फरार हो गए। थाना पंजोखरा पुलिस ने श्याम लाल के बेटे कुलविंद्र की शिकायत पर करनाल के ठेकेदार सागर व उसके मजदूर काकू व लाली पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में होशियारपुर निवासी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि वह दवाओं की मार्केटिंग का काम करता है। उसके माता-पिता अंबाला छावनी डिफेंस कॉलोनी सेक्टर-बी में रहते हैं। माता राज कुमारी 25 दिसंबर को को हिमाचल प्रदेश चली गई थीं। घर पर पिता श्याम लाल अकेले थे। उनके घर के सामने वाला मकान एक प्रॉपर्टी डीलर को बेच दिया था। उसने आगे बिल्डिंग तोड़ने व गिराने का ठेका करनाल के रहने वाले एक ठेकेदार को दिया था।
जब काम लगभग पूरा हो गया था और मलबे को उठाने के लिए ठेकेदार ने पिता श्याम लाल से मकान एक सप्ताह के लिए किराये पर लेने को कहा था। ठेकेदार व उसके मजदूरों को रहने के लिए कमरा दे दिया था। 30 जनवरी को माता राजकुमारी का फोन आया और वो बोली कि पड़ोसियों से पता चला कि 29 जनवरी की रात को किराये पर रहने वाले मजदूरों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
पिता से मारपीट करके उन्हें कमरे में बंद करके टीवी ऊंची आवाज में चलाकर छोड़ दिया था। गेट को बाहर से बंद करके घरेलू सामान लेकर भाग गए। पड़ोसियों ने डायल 112 बुलाकर उनको अस्पताल में दाखिल करवा दिया था। पुलिस आसपास के सीसीटीवी भी खंगाल रही है। मजदूर घर से दो सोने व एक चांदी की अंगूठी, मोबाइल, पिता के पर्स व मंदिर से करीब 6600 रुपये, कीमती कपड़े व सामान ले गए हैं।
आईसीयू में जिंदगी-मौत से लड़ रहे श्याम लाल
शिकायतकर्ता कुलविंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट में चोटिल पिता को लेकर पहले अंबाला छावनी अस्पताल में ले गए थे और उपचार के बाद वापस घर ले आए थे। 30 जनवरी को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर पहले मिल्ट्री अस्पताल लेकर गए और वहां से चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां वह आईसीयू में है। बेटे कुलविंद्र ने बताया कि पिता के शरीर पर करीब दर्जनभर निशान हैं।