संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणगढ़। नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक तेजरफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने सड़क पार कर रहे एक युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस का अज्ञात चालक बस सहित घटनास्थल से भाग गया। मृतक की पहचान गाव बड़ी बस्सी निवासी रवि कुमार (28) के रूप में हुई है, जो अविवाहित था और मजदूरी करता था। यह दुर्घटना 10 अक्तूबर शाम करीब 07:40 बजे भारत पेट्रोलियम पंप, नजदीक गांव अकबरपुर के पास हुई। मृतक के छोटे भाई कुलविन्द्र सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने भाई रवि कुमार को लेने के लिए पेट्रोल पंप के पास खड़े थे। जैसे ही रवि कुमार सड़क पार कर रहा था, सामने से आई हरियाणा रोडवेज की बस के चालक ने उसे तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाते हुए सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रवि कुमार मौके पर ही नीचे गिर गया और उसके सिर, बाजुओं और टांगों पर गंभीर चोटें आईं, सिर से खून बहने लगा। कुलविन्द्र के अनुसार, बस चालक टक्कर मारने के बाद बस को रोककर उसके पास आया, लेकिन चोट की गंभीरता देखकर बस को लेकर तुरंत भाग गया। राहगीरों की मदद से एंबुलेंस बुलाई गई, जिसके कर्मचारियों ने रवि कुमार को नागरिक अस्पताल नारायणगढ़ पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद रवि कुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।