अंबाला। बारिश के बाद अब टूटी सड़कों की समस्या लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। ऐसे हालात अंबाला छावनी के कई क्षेत्रों में देखे जा सकते हैं। ऐसी ही एक समस्या गोबिंद नगर, राम नगर, सुभाष कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, राजा पार्क सहित अन्य क्षेत्रों में बनी हुई है। स्थानीय निवासी रमेश, पंकज, रोहन व गुरमीत आदि ने बताया कि बारिश के दौरान हुए जलभराव से इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्मित सड़कों का बुरा हाल हो गया है। सड़कों से टाइलें उखड़ गई हैं और अधिकांश जगह सड़कें धंस गई हैं। यह सब सड़कों के निर्माण के दौरान इस्तेमाल की गई घटिया सामग्री के कारण हुआ है। जबकि सड़कों को बनाते समय कहा गया था कि 10 साल तक सड़क खराब नहीं होगी। लेकिन अब इन सड़कों के हालात देखकर ऐसे लग रहा है कि ये आने वाले समय में हादसे का कारण बनेंगी। वहीं जिन सड़कों की हालत खराब हो गई है, अब उनसे गुजरना भी जोखिम भरा हो गया है। अगर गलती से गड्ढे में वाहन का पहिया चला गया तो चालक का चोटिल होना निश्चित है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद को इन बदहाल सड़कों की सूध लेनी चाहिए और जिन ठेकेदारों ने इन सड़कों का निर्माण किया है, उनकी जांच करवाकर जुर्माने के तौर पर उनसे ही इन सड़कों को दुरुस्त करवाया जाए।
-
सीवरेज डालने के बाद दुरुस्त नहीं हुई सड़क
बारिश के पानी की निकासी के लिए कुछ दिन पूर्व सुभाष कॉलोनी सहित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में सीवरेज पाइप डाली गई थी। पाइप डालने के दौरान इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्मित सड़कों को तोड़ दिया गया, लेकिन इनका जिस प्रकार से सुधार होना चाहिए था, वो नहीं किया गया। सिर्फ मिट्टी डालकर ही गड्ढों को भर दिया गया और जहां टाइलों को दोबारा लगाया गया, उनका लेवल ही दुरुस्त नहीं हो पाया और वो सड़क से उखड़ गई।
-
रामनगर में सड़क पर गड्ढे
ऐसी ही समस्या रामनगर में भी है। पहले तो सीवरेज पाइप के ढक्कन सड़क से काफी ऊंचाई पर कर दिए हैं जोकि वाहन चालकों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। वहीं इंटरलॉकिंग टाइल्स की सड़क कई जगह से धंस गई है और यहां गड्ढे बन गए हैं,जोकि काफी समय से हैं। लोगों ने इन गड्ढों को भरने के लिए घर से निकले मलबे को डाला था जोकि बारिश के पानी के साथ बह गया है और अब वो ही समस्या खड़ी हो गई है।
-
राजापार्क के हालात बद्दतर
इसी प्रकार राजा पार्क में भी सीवरेज पाइप डालने के बाद ठेकेदार ने सड़क दुरुस्त नहीं की, मिट्टी डालकर गड्ढों को भरा गया। अगर कहीं थोड़ी-बहुत रिपेयर की गई तो वो पानी के साथ बह गई। अब हालात ऐसे हैं कि सड़क से हिचकोले खाते हुए वाहन चालक निकलते हैं और गंदा पानी सीवरेज पाइप में न जाकर गंदगी से अटी नालियों में भरा हुआ है।
-
सफाई के नाम पर खानापूर्ति
सुभाष कॉलोनी में आंगनबाड़ी के सामने जलभराव की समस्या को अमर उजाला में प्रमुखता से छापा गया तो नप प्रशासन हरकत में आ गया। शुक्रवार सुबह कर्मचारियों को नाली से गंदगी निकालने के लिए भेजा गया तो सड़क पर जमा पानी कुछ ही देर में उतर गया। लेकिन आंगनबाड़ी से ही थोड़ा आगे जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए सफाई कर्मचारियों ने जरा भी कोशिश नहीं की जोकि अभी भी सड़क से गुजरने वाले लोगों के लिए परेशानी बनी हुई थी।
-
कर्मचारियों को मौके पर भेजा था और उन्होंने नालियों से गंदगी निकाली है। अगर पूरी तरह से सफाई नहीं हुई है तो इसकी जांच की जाएगी और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विनोद बैनीवाल,मुख्य सफाई निरीक्षक, नप सदर।
-
अगर किसी सड़क पर कोई समस्या है तो लोग इसकी जानकारी नप कार्यालय में दें ताकि मौके का मुआयना करने के बाद सड़कों को दुरुस्त करवाया जा सके।
मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, नप सदर।