तरावड़ी। वार्ड-13 स्थित ईदगाह बस्ती के समीप बनी सड़क की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोग परेशान हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है। इससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना रहता है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि जलभराव और गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़क का जल्द पुनर्निर्माण कराने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। संवाद