संवाद न्यूज एजेंसी,
अंबाला। छावनी के बीसी बाजार में नगर खेडा के नजदीक वाल्मिकी बस्ती में बनाए जा रहे सार्वजनिक शौचालय का स्थानीय निवासियों ने विरोध शुरु कर दिया है। रविवार को उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि शौचालय के निर्माण से उन्हें बदबू सहित अन्य परेशानियाें से जूझना पड़ेगा। पूर्व में भी ऐसे हालातों से वो गुजरे हैं, इसलिए यहां शौचालय नहीं एक छोटा पार्क बनना चाहिए ताकि बच्चे खेल सकें और बुजुर्ग बैठ सकें। इस मौके पर क्षेत्र के प्रधान हरिकृष्ण टांक ने बताया कि इस मसले को लेकर उन्होंने नगर परिषद को पत्र भी लिखा था, बावजूद इसके कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वह स्थानीय निवासियों को साथ लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल विज के पास जाएंगे ताकि समस्या का समाधान हो सके।