अंबाला। बब्याल में नवनिर्मित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का 95 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। नगर परिषद ने अपने अधीन क्षेत्र में सीवरेज पाइप बिछाने का काम आरंभ कर दिया है। यह कार्य सेना क्षेत्र से कुछ दूरी पर बब्याल की तरफ जाने वाले रास्ते पर किया जा रहा है।
यह सेना क्षेत्र से गुजर रहे नाले से जोड़ा जाना है। नगर परिषद सेना की तरफ से अनुमति मिलते ही अन्य क्षेत्रों में भी पाइप डालने का कार्य शुरू करेगा। वहीं बब्याल एसटीपी से डिफेंस कॉलोनी, कलरेहड़ी, टुंडला, बोह, डिफेंस एंक्लेव, सूर्य नगर, दलीपगढ़, बब्याल गांव, श्यामनगर, वशिष्ट नगर को जोड़ा जाएगा। इसी प्रकार मच्छौंडा एसटीपी से गांव मच्छाैंडा, शाहपुर, चंद्रपुरी कॉलोनी, सुंदरनगर जोड़ा जाएगा।
लगभग 130 करोड़ की परियोजना के तहत पूरे छावनी क्षेत्र में सीवरेज पाइप डालने का कार्य चल रहा है। सेना के जो क्षेत्र अभी लंबित हैं, उनमें कलरेहड़ी रोड, दलीपगढ़ से डिफेंस एंक्लेव, दलीपगढ़ से बब्याल पावर हाउस तक और बब्याल पीडब्लयूडी के अधीन सड़क से लेकर सूर्य नगर तक की जमीन सेना क्षेत्र में शामिल हैं।
नगर परिषद अपनी जद में सीवरेज पाइप डालने का कार्य कर रहा है। वहीं सेना से संबंधित जमीन पर अभी कोई काम नहीं किया जा रहा, क्योंकि सेना की तरफ से कार्य को लेकर अभी कोई निर्देश नहीं मिले हैं।
-हरीश शर्मा, म्यूनिसिपल इंजीनियर, नप सदर।