अंबाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज के निवास पर बुधवार को बाजीगर कॉलोनी से आई महिला की शिकायत पर कार्रवाई न होने पर कैबिनेट मंत्री खफा हो गए। उन्होंने मौके पर ही मौजूद पड़ाव थाने के एसएचओ को फटकार लगाई और तुरंत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
बुधवार को कैबिनेट मंत्री अपने आवास पर लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। इस दौरान महिला ने मंत्री से गुहार लगाते हुए बताया कि उसके ससुराल पक्ष के लोगों ओर से उससे मारपीट की गई थी, इस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके अलावा विज ने अन्य शिकायतों को भी सुना। वहीं उनके आवास पर कई कार्यकर्ताओं व अन्य लोग उन्हें विधानसभा चुनाव में लगातार सातवीं जीत के लिए बधाइयां देने के लिए भी पहुंचे।
हुड्डा पर किया पलटवार
मंत्री विज ने भूपेंद्र हुड्डा के ईवीएम पर उठाए सवाल और कोर्ट में जाने के बयान पर कहा कि जहां कांग्रेस जीतती है, वहां ईवीएम ठीक होती है। जहां से भाजपा जीतती है वहीं सवाल उठते हैं। कुमारी सैलजा के समाधान शिविर पर सवाल उठाने के मामले में मंत्री ने कहा कि यदि सरकार काम करे, इन्हें तब तकलीफ होती है, यदि न करे तो इन्हें तकलीफ होती है। प्रियंका के वायनाड से नामांकन भरने पर कैबिनेट मंत्री विज ने कहा कि प्रियंका यदि इतनी ही प्रचलित नेता है तो वह उत्तर प्रदेश से भागकर वायनाड से क्यों लड़ रही है। इसी प्रकार की गलतफहमी इन्हें हरियाणा में भी थी और हरियाणा ने इनको गीता का ज्ञान दे दिया है। विज ने कहा कि सरकार ने कहा कि एमएसपी के मुताबिक अनाज खरीदी जाएगी और कही अनियमितता आएगी तो हर जिले में अधिकारी लगाया गया है जो हर चीज का ध्यान रखेंगे, यदि शिकायती आएगी तो इस पर कार्रवाई होगी।