अंबाला सिटी। बिजली निगम ने किसानों को राहत देते हुए तीन साल के लंबित 447 कनेक्शन को जारी कर दिया है, जिन किसानों ने भुगतान कर दिया है, उनके कनेक्शन लगाने के लिए एजेंसी को वर्कऑर्डर दे दिया है।
यह एजेंसी बिजली पोल और खंभे लगाएगी। यह कनेक्शन उन किसानों के जारी किए गए हैं, जिन्होंने एक जनवरी 2019 से 31 दिसंबर 2021 तक आवेदन किया था। इन कनेक्शन के लिए कार्य शुरू हो गया है। आने वाले धान के सीजन में किसान कनेक्शन लगने पर सिंचाई कर सकेंगे।
गर्मी के सीजन को देखते हुए बिजली निगम ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है, जिन एरिया में लोड ज्यादा रहता है। वहां नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ उनकी क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। जहां 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगा है, उसे 200 केवी का किया जा रहा है और जिस एरिया में लोड ज्यादा रहता है, उन एरिया में लोड को दो फीडर में भी बांटकर आधा-आधा किया जा रहा है, जिससे उस एरिया में गर्मी में बिजली कट न लगें। यही नहीं बिजली निगम ने चोरी पकड़ने के लिए अभियान को तेज कर दिया है।
पिछले पांच महीने में निगम ने दो करोड़ की चोरी पकड़ी है। अब आगामी माह में चोरी पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। चोरी पकड़ने के अभियान का असर भी देखने को मिला है। निगम का अप्रैल 2022 से जनवरी 2023 तक लाइनलॉस 12.14 प्रतिशत था। अब यह लाइनलॉस अप्रैल 2023 से जनवरी 2024 तक 9.74 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया है। यह लाइनलॉस करीब तीन प्रतिशत कम हुआ है।
42 लाख यूनिट रही खपत
मार्च महीने आगे बढ़ रहा है, वैसे ही बिजली खपत भी बढ़ती जा रही है। सर्दी में रोजाना की बिजली खपत लगभग 30 से 32 लाख यूनिट तक रहती है, मगर अब यह खपत 40 से 42 लाख यूनिट प्रतिदिन तक पहुंच गई है। गर्मी के पीक पर तो यह खपत एक करोड़ यूनिट यानि 100 लाख यूनिट रोजाना तक पहुंच जाती है। निगम ने गर्मी की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए कंडक्टर भी बड़े किए जाएंगे।
अंबाला सर्कल में एजेंसी को वर्कऑर्डर किया जारी : गोयल
बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता वीके गोयल ने बताया कि अंबाला सर्कल में 447 एग्रीकल्चर ट्यूबवेल कनेक्शन जारी किए गए हैं। जिन किसानों ने पूरा भुगतान कर दिया है, उनका कनेक्शन लगाने को लेकर एजेंसी को वर्कऑर्डर दे दिया गया है। इसके साथ ही जिन एरिया में गर्मी में लोड ज्यादा बढ़ जाता है और वहां बिजली कट को लेकर परेशानी रहती है। वहां लोड को कम करने के लिए अलग फीडर खींचे जा रहे हैं। कई फीडर उन्होंने अलग भी किए हैं और नए फीडर खींचने को लेकर कार्य भी शुरू किया जा रहा है। साथ ही डिमांड अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता भी दोगुनी की जा रही हैं। वहीं, गर्मी को देखते हुए चोरी पकड़ने के लिए अभियान भी चलाया जाएगा। पिछले पांच माह में निगम ने दो करोड़ की चोरी पकड़ी है।