अंबाला सिटी नागरिक अस्पताल से मरीज को एक्स-रे के लिए स्ट्रेचर पर ले जाते हुए परिजन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के अंबाला में नागरिक अस्पताल अंबाला सिटी की एक्स-रे मशीन को रीड करने वाले उपकरण में खराबी आने पर मरीजों की परेशानी बढ़ गई। शनिवार को अस्पताल में आने वाले दर्जनों मरीजों को एक्स-रे के लिए सिटी के 10 किलोमीटर दूर अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में रेफर किया गया। मरीजों के साथ-साथ तीमारदार भी इस परेशानी से जूझते हुए नजर आए।
वहीं अंबाला कैंट में भी एक्स-रे करवाने वालों की संख्या काफी बढ़ गई। इसी बीच दोपहर के समय अस्पताल के स्ट्रेचर पर मरीज को पॉलीटेक्निक चौक पर एक्स-रे के लिए ले जाने का वीडियो वायरल हुआ। इसमें दिखाई दे रहा है कि एक्स-रे न होने पर तीमारदार मरीज को स्ट्रैचर पर ही करीब आधा किलोमीटर दूर अग्रसेन चौक के पास ले गए।
यह वीडियो खूब वायरल हुआ। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की भनक लगते ही जांच कमेटी गठित कर दी ताकि पता चल सके कि आखिर स्ट्रेचर अस्पताल से बाहर कैसे गया। वहीं तीमारदारों को बुलाकर भी उनसे जाने का कारण पूछा गया। उधर, अंबाला सिटी अस्पताल में सेंट्रल जेल से आए एक बंदी करतार को भी एक्स-रे करवाने के लिए अंबाला कैंट रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि मशीन खराब होने की बात बोलकर रेफर किया गया है।
अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में कुल चार एक्स-रे मशीनें है लेकिन उन मशीनों को रीड करने वाले उपकरण में ही खराबी आ गई थी। ऐसे में दिल्ली से संबंधित पार्ट मंगवाया गया था। जलभराव के चलते वो देरी से पहुंचा। इससे मशीनें नहीं चली और शनिवार को सुबह से दोपहर तक मरीजों को अंबाला कैंट रेफर किया गया। दोपहर बाद मशीन दुरुस्त हो गई और एक्स-रे की बिगड़ी सुविधा भी पटरी पर लौट गई।
एक्स-रे मशीन को रीड करने वाले उपकरण में खराबी आ गई थी और दिल्ली से पार्ट मंगवाकर मशीन को चालू करवा दिया है। स्ट्रेचर पर मरीज को ले जाने वाली वीडियो का मामला संज्ञान में आया था। मामले की जांच के लिए कमेटी बना दी है। अपने स्तर पर मरीज को पूछा तो उन्होंने अपनी गलती मानी है कि उन्होंने न तो एंबुलेंस को फोन किया न ही स्टाफ को सूचित किया। उन्हें अंबाला कैंट भेजा गया था। मरीज छत से गिर गया था और हादसे के बाद एंबुलेंस में ही अस्पताल आया था।
- डॉ. संगीता, पीएमओ, नागरिक अस्पताल अंबाला शहर