अंबाला। स्वामित्व योजना के तहत दूसरे चरण में गांधी मार्केट की 15 दुकानों की रजिस्ट्री जल्द हो जाएगी। नगर परिषद ने दुकानों की पैमाइश करवाकर सभी दस्तावेज तैयार करवा लिए हैं। दुकानदारों ने भी लगभग 80 लाख रुपये नप के खाते में जमा करवा दिए हैं। दुकानों की रजिस्ट्री होने से दुकानदारों को किराये से राहत मिलेगी। वहीं वो अपनी दुकानों के ऊपर निर्माण भी करवा सकेंगे।
इससे उनकी आमदनी बढ़ेगी और रोजगार भी मिलेगा। तीसरे चरण में इंदिरा पार्क के साथ बिहाइंड राय मार्केट के नाम से बनी दुकानों का नंबर आएगा। नप ने 50 दुकानों का खाका तैयार कर लिया है। कुछ दुकानों की पैमाइश भी करवा दी गई है तो कुछ की जल्द करवाने की तैयारी है। इसी आधार पर तय नियमों के हिसाब से दुकानों की राशि का निर्धारण किया जाएगा। इसका डिमांड पत्र दुकानदारों को सौंपा जाएगा, ताकि वो एक निश्चित अवधि में दुकानों का रुपया जमा करवा दें। फिर उनकी दुकानों की भी रजिस्ट्री करवाई जा सके।
संपत्ति कर के दायर में आ जाएंगी दुकानें
दुकानों की रजिस्ट्री होने के बाद दुकानें प्रॉपर्टी टैक्स के दायरे में आ जाएंगी। जिस प्रकार रिहायशी क्षेत्रों से प्रॉपर्टी टैक्स लिया जाता है, उसी आधार पर दुकानों पर भी प्रॉपर्टी टैक्स लगाया जाएगा। यह कार्य योजना और विभाग की हिदायत अनुसार किया जाएगा।
गृहमंत्री के प्रयास से मिली है सुविधा
स्वामित्व योजना के तहत दुकानों का मालिकाना हक हरियाणा सरकार के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के प्रयास से ही संभव हो पाया है। प्राथमिक चरण में अंबाला छावनी क्षेत्र को इस योजना से बाहर कर दिया गया था, लेकिन जब मंत्री ने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर की तो मुख्यमंत्री ने स्वामित्व योजना के तहत जारी की गई अधिसूचना में अंबाला छावनी क्षेत्र को शामिल कर लिया।
पहले चरण में गांधी मार्केट की 11 दुकानों की रजिस्ट्री करवा दी गई थी। दूसरे चरण में 15 दुकानों की रजिस्ट्री करवाने की तैयारी है। इसके बाद बिहाइंड राय मार्केट का नंबर आएगा और यहां के दुकानदारों को भी मालिकाना हक देने का कार्य किया जाएगा।
-जरनैल सिंह, कार्यकारी अधिकारी, नप सदर।