अंबाला। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। सेना भर्ती कार्यालय (मुख्यालय) अंबाला ने वर्ष 2027 बैच के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 1 अप्रैल से बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दी है। भर्ती कार्यालय के अनुसार, हरियाणा के छह जिलों अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला और चंडीगढ़ के पुरुष अभ्यर्थी अब 10 अप्रैल तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल और चंडीगढ़ की महिला अभ्यर्थियों के लिए भी यही समय सीमा लागू होगी। अधिकारियों ने सलाह दी है कि अभ्यर्थी अंतिम समय की तकनीकी भीड़ से बचने के लिए जल्द से जल्द www.joinindianarmy.nic.in पर पंजीकरण पूरा करें। यदि किसी युवा को फॉर्म भरने में दिक्कत आ रही है, तो वह कार्यदिवस में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे के बीच अंबाला स्थित भर्ती मुख्यालय में संपर्क कर सकता है। संवाद