संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अमोलक पब्लिक स्कूल में इंटर हाउस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों हाउस ब्रह्मा, कृष्णा, शिवा और रामा हाउस के विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले और बेहतरीन रणनीतियों के बीच रामा हाउस और प्रतिद्वंद्वी टीम के बीच फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। रामा हाउस के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, सटीक गेंदबाजी और शानदार बल्लेबाजी के दम पर जीत हासिल की। समापन समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष सोंधी और उप-निर्देशिका रिंकी सेठी ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का आधार हैं। उन्होंने कहा ऐसी प्रतियोगिताएं नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में सहायक होती हैं। विद्यालय परिवार ने रामा हाउस को जीत की बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।