अंबाला छावनी के केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 4 से रैली निकालते गणमान्य। प्रवक्ता
अंबाला। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर रोटरी अंबाला कैंसर अस्पताल की शाखा स्नेह स्पर्श ने छावनी में विशाल जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ केंद्रीय विद्यालय (केवी) 4 से हुआ, जहां प्रधानाचार्य अमन गुप्ता व डॉ. केके जैन ने हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम के दौरान स्नेह स्पर्श के अध्यक्ष सुभाष बंसल ने अपील करते हुए बताया कि उनकी संस्था अंतिम चरण के कैंसर रोगियों की घर जाकर नि:शुल्क सेवा व राशन उपलब्ध कराती है, वहीं गिरीश अग्रवाल ने रोटरी अस्पताल में लड़कियों के लिए उपलब्ध मुफ्त एचपीवी टीकाकरण की जानकारी दी। डॉ. विनय मल्होत्रा के नेतृत्व में रैली स्टाफ रोड और रेजीमेंट बाजार से होते हुए जीएमएन पब्लिक स्कूल पहुंची। यहां पोस्टर मेकिंग व स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। केवी-4 से अमन, पलक, आन्या और जीएमएन स्कूल से विश्प, नंदिनी, मिताली सहित अन्य छात्र विजेता रहे। इस दौरान रोटरी प्रधान संजीव गोयल, दिनेश सेठी और इनर व्हील क्लब की सदस्यों सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। संवाद