रेलवे के मेकेनिकल विभाग में कार्यरत टेक्नीशियन के घर अज्ञात व्यक्ति ने पथराव कर दिया। गनीमत यह रही कि परिवार कमरे में था इसीलिए बचाव हो गया। पत्थरबाजी में रेलवे कर्मचारी के घर के बाहर लगा कूलर क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रेलवे कर्मचारी ने मदद के लिए अब पड़ाव पुलिस से गुहार लगाई है। रेलवे क्वार्टर नंबर 475/ए में रहने वाले विकास ने बताया कि वह दिव्यांग है। मां, पत्नी और छोटे बच्चे सहित रेलवे क्वार्टर में रहता है। वीरवार रात लगभग 1 बजे किसी अज्ञात ने क्वार्टर पर ईंट पत्थर मारने शुरू कर दिए। उसने बाहर रखा कूलर भी तोड़ दिया। शोर सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो हमलावर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।