लाडवा/अंबाला। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा झूठ बोलने की मशीन है। वे किसान-किसान कर रहे हैं लेकिन उन्हें यह भी मालूम नहीं होगा कि रबी और खरीफ की फसलें कौन सी हैं। मनमोहन सिंह-सोनिया गांधी की सरकार ने जिन दामों पर 10 साल में फसलें खरीदी थी उससे 10 गुना ज्यादा अनाज एमएसपी बढा़कर मोदी सरकार ने खरीदा है।
गृहमंत्री शुक्रवार को लाडवा और अंबाला के बराड़ा में जनआशीर्वाद रैली को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले लाडवा में कार्यवाहक मुख्यमंत्री और पार्टी प्रत्याशी नायब सैनी ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने कश्मीर में धारा 370 को हटाने का काम किया। भाजपा ने ऐसा काम किया है कि राहुल गांधी तो दूर उनकी तीसरी पीढ़ी भी इस धारा को वापस नहीं ला सकती। शाह ने आरोप लगाए कि राहुल गांधी आंतकियों को जेलों से छुड़ाना चाहते हैं लेकिन यह चैलेंज है कि भाजपा का एक भी सांसद जब तक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार आरक्षण को खत्म नही होने देगी।
शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा पर भी निशाना साधा। कहा कि वे अपने 10 साल के शासन में भाजपा से ज्यादा रेट पर फसलें नहीं खरीद सके थे। आज हरियाणा ही देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां सबसे ज्यादा फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही है। अमित शाह ने कहा कि लाडवा के लोग सीधे मुख्यमंत्री को चुनेंगे।
शाह ने तीन डी से साधा हरियाणा
अंबाला। मुलाना की बराड़ा अनाज मंडी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि हरियाणा में तीन डी यानी डीलर, दलाल, दिल्ली में बैठे दामाद की चलती थी। इसके साथ ही आरक्षण के मुद्दे पर शाह कांग्रेस को घेरते नजर आए। अंबाला में एक एकीकृत कपड़ा पार्क या टेक्सटाइल पार्क और रेडीमेड कपड़े के उद्योग की स्थापना भाजपा करेगी। शहजादपुर चीनी मिल काे दोबारा से स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही एक विश्वकर्मा महाविद्यालय और हवाई अड्डे को विकसित करेंगे। इसके साथ ही खरखाैदा जैसा औद्योगिक शहर बनाने का काम किया जाएगा। छावनी से प्रत्याशी अनिल विज के जनसभा में नहीं पहुंचने से चर्चा का बाजार गर्म दिखा।
अमित शाह बाेले कि भाजपा के राज में नाैकरियों के लिए न पर्ची देनी पड़ी न खर्ची, सिर्फ डाकिया घर पर आया सिर्फ 51 रुपये का शगुन का लिया और हाथ में नियुक्त पत्र थमाकर चला गया।
अग्निवीरों को मिलेगी पेंशन वाली नौकरी
मंत्री अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014 में पीएम मोदी ने प्रचार की शुरुआत रेवाड़ी से की थी। 40 वर्षों से वन रैंक वन पेंशन लंबित थी, भाजपा सरकार ने 2015 में लोगाें को यह सौगात दी। अब वन रैंक वन पेंशन का तीसरा सेशन लागू हो रहा है। वहीं अग्निवीरों को लेकर शाह ने कहा कि वह युवाओं को कहा कि चाव से सेना में जाइये, अग्निवीरों को हरियाणा सरकार व भारत सरकार शत प्रतिशत पेंशन वाली नौकरी देगी।
उन्होंने गोहाना कांड और मिर्चपुर कांड की याद भी दिलाई। शाह बोले कि एक पत्रकार ने कुमारी सैलजा से प्रश्न पूछा कि आप हुड्डा साहब के यहां प्रचार करने जाओगे तो वह बोलीं कि मैं तो जाना चाहती हूं मगर वह बुलाएंगे नहीं। आज भी यह हुड्डा की मानसिकता है।