अंबाला। बिजली चोरी पकड़ने पर जेई पवन दहिया के जबरन तबादले के विरोध में गुरुवार को दूसरे दिन भी एचएसईबी वर्कर यूनियन का प्रदर्शन जारी रहा। सब यूनिट-1 के बैनर तले कर्मचारियों ने एसडीओ को नोटिस सौंपकर दो घंटे तक कार्य ठप रखा और नारेबाजी की। यूनियन के केंद्रीय उप प्रधान राजकुमार ने बताया कि 21 फरवरी को जेई पवन दहिया ने टीम के साथ रामकृष्ण कॉलोनी में पब्लिक हेल्थ ठेकेदार के यहां बिजली चोरी पकड़ी थी। आरोप है कि इस दौरान एक मंडल प्रधान ने जेई पर केस न बनाने का राजनीतिक दबाव बनाया। ईमानदारी से ड्यूटी करते हुए जेई ने 44,000 का जुर्माना किया। इसके बाद प्रशासन ने बिना किसी ठोस कारण के उनका तबादला शहजादपुर कर दिया। सब यूनिट प्रधान तिलक सिंह ने चेतावनी दी कि यदि तबादला तुरंत रद्द नहीं हुआ, तो सोमवार से आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान किसी भी प्रकार की औद्योगिक अशांति के लिए उच्चाधिकारी जिम्मेदार होंगे। प्रदर्शन में तलविंदर, देवेंद्र, सुरेश और हरजीत सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद