अंबाला सिटी। गर्मी का बढ़ता प्रकोप देख स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। लू से बचाव के लिए विभाग विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी देगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने रोडवेज, पुलिस और शिक्षा विभाग सहित प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र भी लिखा है।
एसएमओ डॉ. सुखप्रीत सिंह ने बताया कि लू के चलते रोडवेज कर्मियों और पुलिस कर्मचारियों को निर्जलीकरण के दौरान क्या करना चाहिए, इसके बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभाग की ओर से सभी स्वास्थ्य केंद्रों और सार्वजनिक संस्थानों पर ओआरएस के पैकेट भी रखवा दिए गए हैं।
इससे रोडवेज बस चालक व परिचालक, बसों में यात्रा कर रहे लोगों, चौक, चौराहों पर ड्यूटी दे रहे पुलिस कर्मियों और स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। विभाग ने 50 हजार पैकेट के लिए डिमांड भी भेज दी है। फिलहाल विभाग के पास फिलहाल आठ हजार पैकेट ओआरएस के हैं।
एक पैकेट में 250 एमएल घोल तैयार किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिला अंबाला में पिछले पांच वर्षों में लू का एक भी मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग को अगर ओरआरएस के पैकेट चाहिए तो वह स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त कर सकता है। जरूरत के आधार पर पैकेट मुहैया करवा दिए जाएंगे।
स्कूलों में पीने के पानी की व्यवस्था सही हो, हृदय रोगियों का विशेष ध्यान रखा जाए, जरूरी न होने पर घरों से बाहर न निकले, धूप में निकलने पर सिर को ढक कर रखें, बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर 12 बजे से लेकर तीन बजे तक धूप में न जाने दें, ह्रदय रोगियों का विशेष ख्याल रखें, समय समय पर निंबू पानी और अन्य तरल पदार्थ पीते रहें।
विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। विभाग की ओर से जीएम रोडवेज, पुलिस अधिक्षक और उपायुक्त को प्रशिक्षण संबंधी पत्र जारी कर दिया है। इसके हीट वेव को देखते हुए बुखार के मरीजों को भी जांचा जा रहा है। प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर ओरआरएस के पैकेट निशुल्क दिए जा रहे हैं।
डॉ. सुरभि नोडल अधिकारी, जलवायु परिर्वतन और मानव स्वास्थ्य राष्ट्रीय कार्यक्रम