अंबाला सिटी। नगर निगम शहर की संपत्ति कर आईडी को आधार कार्ड से लिंक करेगा। आईडी आधार से लिंक होने पर विभिन्न छूट का फायदा शहरवासियों को मिलेगा। साथ ही अब हर कोई किसी की भी संपत्ति कर आईडी से छेड़छाड़ नहीं कर सकेगा। यह आईडी आधार लिंक करते ही लॉक हो जाएगी।
आईडी लॉक होने पर प्लाट या घर मालिक और निगम अधिकारी ही डाटा देख सकेंगे। निगम ने बीते दिनों से इसके लिए कार्य शुरू किया है। निगम अभी तक 16 हजार संपत्ति कर आईडी को आधार कार्ड से लिंक कर चुका है। इसके लिए जेई लोगों के घरों में जाकर आईडी को आधार से लिंक कर रहे हैं। बता दें कि, शहर में करीब एक लाख 22 हजार संपत्ति कर आईडी हैं।
आईडी से आधार लिंक होने पर यह होंगे फायदे
अभी किसी की भी संपत्ति कर आईडी को कोई भी खोल उसमें संशोधन कर देता था। उसमें ऑब्जेक्शन लगा देते थे और कोई भी कुछ भी जानकारी डाल देता था। इससे लोगों का नाम, वर्गगज, मोबाइल नंबर, पता आदि गलत लिखा आ रहा है। मगर आधार कार्ड से आईडी लिंक होने पर यह गलतियां ठीक होंगी। आधार लिंक होते ही आईडी लॉक हो जाएगी। उस आईडी के लॉक होने पर प्लाट, घर मालिक ही खोल पाएगा और निगम अधिकारी दूसरे छोर पर आईडी को देख पाएंगे। बीच में कोई भी व्यक्ति किसी की आईडी का डाटा नहीं देख पाएगा।
निगम की तरफ से संपत्ति कर आईडी पर अगर कोई छूट सरकार की तरफ से आएगी तो उसका फायदा लोगों को तभी मिल पाएगा, अगर उनकी आईडी आधार कार्ड से लिंक होगी। वहीं तीसरा फायदा यह भी बताया जा रहा है कि राइट टू रिकॉर्ड (आरओआर) के अंतर्गत संपत्ति कर आईडी को मलकियत की तरफ भी लेकर जा रहा है।
स्वयं भी साइट पर जाकर कर सकते हैं सत्यापन
निगम के जेई घर-घर संपत्ति कर आईडी से आधार कार्ड को लिंक कर रहे हैं, लेकिन कोई भी व्यक्ति अपनी आईडी को स्वयं भी लिंक कर सत्यापित कर सकता है। इसके लिए व्यक्ति को एनडीसी हरियाणा साइट पर जाना होगा। यहां पर संपत्ति कर आईडी खोलकर उसमें नाम, मोबाइल, पता, वर्गगज आदि जानकारी को देखकर स्वयं सत्यापित कर सकते हैं। यानि अगर जानकारी सही है तो हां के ऑप्शन को दबाकर उसको ओके कर सकते हैं और अगर कोई त्रुटि है तो उसे ठीक कर सकते हैं, साथ ही आधार कार्ड का नंबर डालकर सबमिट कर सकते हैं। इसके लिए दस्तावेज भी अटैच करने होंगे। अगर आईडी में कोई गलती है तो वह ठीक हो जाएगी।
वर्जन
संपत्ति कर आईडी को आधार कार्ड से लिंक किया जा रहा है। इसके लिए घर-घर जाकर कर्मचारी आईडी को आधार से लिंक कर रहे हैं और स्वयं भी व्यक्ति इसको सत्यापित कर सकते हैं। जब संपत्ति कर को लेकर नोटिस दिए जाते हैं, तब काफी लोग अपनी आईडी को ठीक करवाने आते हैं। अब इन आईडी को ठीक भी किया जा रहा है। अगर किसी की आईडी ठीक है तो उसे स्वयं सत्यापित भी कर सकते हैं। आईडी आधार से लिंक होते ही लॉक भी हो जाएगी। इस डाटा और कोई नहीं देख सकेगा।
अदिति, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम अंबाला शहर।