संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणगढ़। उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित हुआ। शिविर में नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। शिविर में मुख्य रूप से वृद्धावस्था पेंशन, बिजली बिल की त्रुटियां और परिवार पहचान पत्र में आ रही दिक्कतों को लेकर शिकायतें दर्ज की गईं। वार्ड 5 की रीटा रानी, पंजलासा के धर्मपाल व अन्य ने पेंशन लगवाने की मांग रखी। गांव जंगूमाजरा की अनिता और कल्याणा के संदीप ने गलत डाटा के कारण बीपीएल कार्ड कटने की समस्या बताई। फिरोजपुर के शुभम ने आईडी से गैर-पारिवारिक सदस्य हटाने की शिकायत की। गांव बीबीपुर के अमन कुमार ने फसल खराब होने, जबकि छोटी बस्सी के चमन लाल ने असुरक्षित सफेदा के पेड़ कटवाने की गुहार लगाई। अधिकारियों ने सभी आवेदनों को दर्ज कर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।