अंबाला सिटी। प्रदेशभर के थानों में अपराधियों से पकड़े कंपनी मेड हथियारों को पुलिस प्रयोग करेगी। ऐसे करीब 600 हथियारों को प्रदेशभर के थानों से मंगाया जा रहा है। इसमें पुलिस वही हथियार प्रयोग करेगी, जिनके बारे में पुलिस और सेना के प्रयोग के लिए ही बने हैं।
इसमें कुछ एके 47, 9 एमएम की पिस्टल भी मिली है जिन्हें ठीक कराने के बाद पुलिस प्रयोग करेगी। वहीं जिन हथियारों को प्रयोग नहीं किया जाएगा और जो सामान्य लोगों के लिए हैं उनकी नीलामी की जाएगी, जिससे कि लाइसेंसधारक नीलामी में इन हथियारों को खरीद कर अपनी सुरक्षा के लिए रख सकेंगे।
अंबाला में प्रदेश स्तरीय हथियार मालखाना
दरअसल अंबाला में प्रदेश स्तरीय हथियारों को रखने के लिए मालखाना है। जहां पर हर थाना क्षेत्र में अपराधियों से पकड़े हथियारों को जमा कराया जाता है। इस मालखाने के प्रभारी अंबाला के एसपी होते हैं। इसी के तहत अंबाला के एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने देखा कि लंबे समय से हथियारों के मालखाने में हथियारों को जमा नहीं कराया है।
ऐसे में उन्होंने गृह विभाग के सचिव, संबंधित जिलों के डीसी एसपी को पत्र लिखकर ऐसे हथियारों को मालखाने में जमा कराने के लिए कहा। इसके बाद 600 हथियार निकलकर सामने आए। अब इनमें से कुछ को ठीक कर प्रयोग किया जाएगा कुछ को नीलाम कर दिया जाएगा।
वर्जन
हथियारखाने में प्रदेशभर से 600 हथियार आए हैं। इनमें से कुछ ऐसे बोर के हथियार मिले हैं, जिनका इस्तेमाल सिर्फ सेना व पुलिस के लिए होता है। इन्हें ठीक कराने के बाद पुलिस इस्तेमाल करेगी। वहीं अन्य की नीलामी कराई जाएगी।
-जशनदीप सिंह रंधावा, एसपी, अंबाला