अंबाला। सेना में ग्रुप डी की भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में पकड़े गए 17 मुन्ना भाई के मामले में पुलिस अब रिमांड पर लिए आरोपियों को लेकर मोबाइल उपकरणउपलब्ध करवाने वालों पर शिकंजा कसेगी। इसको लेकर पुलिस जींद, कैथल आदि जगहों पर दबिश दे सकती है। ऐसा इसलिए कि पकड़े गए अधिकतर आरोपी जींद, कैथल आदि जगह के हैं। पुलिस यह भी देख रही है कि कहीं इन आरोपियों के तार किसी गिरोह से तो नहीं जुड़े जो पेपरों में नकल के लिए युवाओं को झांसे में लेते हों। इसके अलावा जिन्होंने अपनी जगह परीक्षा देने भेजा है उन तक भी पहुंचेगी।
तोपखाना पुलिस को दी शिकायत में सूबेदार अखिलेश्वर कुमार ने बताया था कि 21 दिसंबर गुरुवार को सुबह साढ़े 10 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक ग्रुप कमांड लेवल के लिए डिफेंस सिविल की भर्ती सैन्य क्षेत्र स्थित खड्गा स्टेडियम में चल रही थी। वह परीक्षा के दौरान बतौर निरीक्षक सेवाएं दे रहा थे। ड्यूटी के दौरान देखा कि रोल नंबर-6256 चौब सिंह मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। जांच के दौरान पाया गया कि वह एक कैंडिडेट से बात करके पेपर पूरा कर रहा था। इसके बाद टीम ने सभी परीक्षार्थियों की तलाशी ली तो 16 अन्य और अभ्यर्थी नकल करते हुए पकड़े गए और उनसे मोबाइल, स्पीकर, हेडफोन, ब्लू टूथ आदि बरामद हुए। वहीं पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चौब सिंह की जगह पर सुनील परीक्षा देने के लिए आया था।