अंबाला। गांव सपेहड़ा में नशे की हालत में झगड़ा करने वालों की सूचना पर पहुंची डायल-112 की टीम पर हमला मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को जेल भेज दिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेजा। आरोपियों की पहचान गांव सपेहड़ा निवासी मनप्रीत उर्फ सोनी, हरप्रीत उर्फ प्रीत और कमल के रूप में हुई। जबकि गांव बड़ा खुड्डा निवासी सुशील कुमार उर्फ शशि को भी काबू कर लिया। हालांकि इस मामले में करीब 10 अन्य पर भी कार्रवाई की गई थी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
बता दें कि 6 मई 2023 को डायल 112 नंबर की गाड़ी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव सपेहड़ा में शराब पीकर लड़के आपस में झगड़ा कर रहे हैं। तभी पुलिस को देखकर सभी भाग गए और एक ऑल्टो कार भी वहां से जाने लगी। पुलिस ने पीछा किया तो कार पहले ही अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। इतने में कार से निकले युवकों ने एसपीओ के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते अन्य युवक भी आ गए। इस बीच डायल 112 की गाड़ी भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल ने बीचबचाव कर एसपीओ को छुड़वाया और मौके से भागकर अपनी जान बचाई थी। पुलिस ने सभी पर सरकारी कर्मचारी से मारपीट कर सरकारी कार्य को बाधित करने व गाड़ी को क्षतिग्रस्त करते हुए कर्मचारी को जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।