अंबाला छावनी में स्कूली बस के दस्तावेजों की जांच करते यातायात पुलिस के कर्मचारी। प्रवक्ता
अंबाला। सुरक्षित स्कूल वाहन पालिसी के तहत वीरवार को अंबाला पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर 148 बसों की जांच की गई और खामियां पाए जाने पर 35 बसों के मौके पर ही चालान किए गए। अभियान के दौरान यातायात पुलिस को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पुलिस ने बसों में फायर एक्सटिंग्विशर, फर्स्ट एड बाॅक्स, स्पीड गवर्नर, फिटनेस सर्टिफिकेट, बस चालक के सत्यापित दस्तावेजों आदि की गहनता से जांच की। जांच के दौरान 35 बसों में सुरक्षा का उल्लंघन पाया गया। यह कार्रवाई सिटी यातायात एसएचओ के नेतृत्व में की गई, जिन्होंने अपनी टीमों सहित विभिन्न स्कूल मार्गों पर लगातार निगरानी रखी। पुलिस अधीक्षक अंबाला अजीत सिंह ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। किसी भी स्कूल बस में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समय-समय पर ऐसे निरीक्षण जारी रखेंगे ताकि स्कूल प्रबंधन व चालक सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करें।