अंबाला सिटी। शंभू बॉर्डर पर बुधवार सुबह से ही पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी। इस दौरान प्रत्येक आने जाने वाली गाड़ी पर नजर रखी गई। पुलिस ने बसों में चढ़कर जांच की। बुधवार को पंजाब पुलिस को खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल के पंजाब में सरेंडर होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पंजाब के साथ हरियाणा के बाॅर्डर पर भी अलर्ट कर दिया था। सुबह ही बैरिकेडिंग कर पुलिस ने शंभू बॉर्डर से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन पर निगरानी रखनी शुरू कर दी।
सीआईए वन, सदर थाना पुलिस और डीएसपी जोगिंदर शर्मा ने माेर्चा संभालते हुए जांच की। साथ ही पूरी टीम को निगरानी रखने के आदेश जारी किए। ज्ञात हो कि पिछले दिनों अमृतपाल के हरियाणा के शाहाबाद में आने की सूचना मिली थी। इसके बाद काफी समय तक उसके हरियाणा में ही रहने के बारे में कहा जा रहा था। वहीं जब पंजाब पुलिस को सूचना मिली कि अमृतपाल अमृतसर में सरेंडर कर सकता है तो हरियाणा और पंजाब पुलिस पूरी तरह से सतर्क हो गई और बैरिकेडिंग कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। डीएसपी जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि उनका यह चेकिंग अभियान आगे भी ऐसे ही जारी रहेगा।