अंबाला। यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को शिकंजा कसा। सुबह के समय पुलिस ने नाकेबंदी कर अंबाला छावनी नागरिक अस्पताल के बाहर अंबाला-जगाधरी हाईवे पर लोगों को रोककर करीब 40 से अधिक वाहनों के चालान काटे। ट्रैफिक एसएचओ जोगिंद्र कुमार की अगुवाई में जैसे ही चालान की कार्रवाई शुरू हुई तो वाहन चालकों ने पैरों में गिरकर माफी मांगी।
इसके अलावा कोई रौब दिखाते हुए अपने रिश्तेदारों व दोस्तों से पार्टी या फिर पुलिस मुलाजिम का रिश्तेदार बताते हुए फोन पर बात करवाने लगा। इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी। इस दौरान दस्तावेज के बिना सड़कों पर दौड़ रहे 6 वाहनों को इंपाउंड किया। पुलिस कार्रवाई से ऑटो चालक रूट बदलकर चलते दिखाई दिए।
पुलिस की यह कार्रवाई दिनभर जारी रही। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ऑटो चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक तेज गति से ऑटो दौड़कर निकालने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया। दस्तावेजों की जांच करने पर सभी एक्सपायर मिले। एसएचओ जोगिंद्र कुमार ने बताया कि नागरिक अस्पताल के बाहर हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है। पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है। नियमित तौर पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।