संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। हिंदू देवी-देवताओं के नामों को लेकर गत दिनों की गई आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी तरसेम को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी सर्वसमाज के लोगों की ओर से आत्मदाह के एलान के बाद की गई। बावजूद इसके रास्ता जाम करने के आरोप में दर्ज हुए मामले को लेकर लोगों में अभी भी रोष है।
एसडीएम नारायणगढ़ की ओर से आश्वासन दिए जाने के बाद प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए ग्रामीणों ने अपना धरना स्थगित कर दिया है। इस मामले को लेकर वीरवार को शहजादपुर के सभी दुकानदारों ने भी समर्थन में अपनी दुकानें बंद कर समर्थन दिया। वीरवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह से लोग त्रिवेणी चौक पर जुटने शुरू हो गए और आत्मदाह करने के लिए सामग्री भी तैयार कर ली।
इसी बीच सुबह लगभग 10:45 बजे प्रशासन ने सूचना पहुंचाई कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसलिए वे धरना समाप्त कर दें। लेकिन लोगों ने कहा कि जब तक कोई अधिकारी आकर इस बात की पुष्टि नहीं करता, तब तक हमारा फैसला नहीं बदलेगा। कुछ समय बाद मौके पर पहुंचे सीआईए शहजादपुर प्रभारी बलकार सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी ताकि लोग संतुष्ट हो जाएं। लेकिन उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ दर्ज किया गया मामला भी रद किया जाए।
इस पर उन्होंने कहा कि यह उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं है और वो उनकी बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचा देंगे। इसके बाद मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने भी लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग अपनी बात पर अडिग रहे। कुछ समय बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम नारायणगढ़ यश जलुका ने लोगों को सारी बात समझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिए जाने की बात कही। लोगों ने कहा कि हमारे खिलाफ दर्ज किए गए मामले को भी रद्द किया जाए या फिर हमें अभी गिरफ्तार कर लिया जाए।
एसडीएम ने कहा कि आप लोगों ने रास्ता जाम कर गलत काम किया है और इस समय आचार संहिता भी लगी है। यह मामला रद्द करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। वह उच्चाधिकारियों को अवगत करवा देंगे। लोगों ने कहा कि थाना प्रभारी ने उनके खिलाफ गलत मामला दर्ज किया है और आरोपी तरसेम को भी नौकरी से बर्खास्त किया जाए। एसडीएम ने कहा कि ये काम उनके अधिकार में नही हैं और इस समय आचार संहिता लागू है। इसलिए हर मामले की जानकारी चुनाव आयोग को दी जा रही है।
उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि आपकी हर बात को अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। एसडीएम के आश्वासन के बाद लोगों ने धरना समाप्त करते हुए एक सप्ताह का समय दिया और कहा कि अगर एक सप्ताह में सभी कार्रवाई नहीं होती है तो मजबूरन उन्हें दोबारा आंदोलन करना पड़ेगा
यह था मामला
उल्लेखनीय है कि बिजली विभाग में जेई के पद पर कार्यरत तरसेम गोंदिया नामक व्यक्ति ने गत सोमवार को हिंदू देवी देवताओं के नामों को लेकर फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी लिख कर पोस्ट डाल दी। इससे सनातन धर्म से जुड़े लोग भड़क गए और उन्होंने उक्त व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर शहजादपुर के मुख्य बाजार में स्थित त्रिवेणी चौक पर जाम लगा दिया। इसके अगले दिन उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग 72 पर जाम लगा दिया। इसे बाद भी एक बार उन्होंने एनएच 72 जाम किया। इस पर पुलिस ने 19 नामजद सहित 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।