अंबाला। गृहमंत्री अनिल विज बुधवार को नवनिर्मित लघु सचिवालय का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान अव्यवस्था और गंदगी देख वह खिन्न हो उठे। उनकी टीस इस कदर बाहर आई कि वे अधिकारियों से बोले, इस भवन को आप अपना नहीं समझते क्या...।
उन्होंने सबसे पहले अंडर ग्राउंड पार्किंग का निरीक्षण किया। यहां बिजली गुल थी। अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोबाइल की लाइटें ऑन स्थिति दिखाई। गृहमंत्री को निरीक्षण के दौरान अंडर ग्राउंड पार्किंग का फर्श उखड़ा हुआ मिला।
इसके बाद दूसरी खामी सामने आई सफाई की, हालांकि एक दिन पहले नगर परिषद का पूरा दलबल लघु सचिवालय की सफाई के लिए यहां मैदान में उतरा हुआ था और गृहमंत्री के आने से कुछ क्षण पहले तक धुलाई सफाई जारी थी। अब यहां से कचरे के अंबार हट चुके थे। इसके बाद शायद अधिकारियों को अंदाजा नहीं था कि गृहमंत्री अनिल विज जमीन की ओर झुक कर हाथ भी मार सकते हैं। वही हुआ, गृहमंत्री ने अंडर ग्राउंड पार्किंग की जमीन पर हाथ से मिट्टी दिखाते हुए अधिकारियों से सवाल किया यह क्या है? इसके बाद अधिकारियों के चेहरे पर हवाइयों उड़ने लगी। बता दें कि दो दिन पहले यहां जिन कूड़ेदानों पर लिखा हुआ था कि एक कदम स्वच्छता की ओर...वे खाली पड़े थे और सामने हर कदम पर कचरा पड़ा हुआ था, मगर आज यह कूड़ेदान कचरे से ऊपर तक भरे नजर आए और गृहमंत्री के आगमन से पहले पूरा वातावरण अपेक्षाकृत स्वच्छ नजर आया। विदित हो कि करीब साढ़े 41 करोड़ रुपये की लागत से बने लघु सचिवालय का का उद्घाटन चार जून 2022 को मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृहमंत्री अनिल विज ने किया था।
10 जुलाई को अमर उजाला ने उठाया था मामला
अमर उजाला ने 10 जुलाई 2022 को करोड़ों से बने लघु सचिवालय पर गंदगी का ग्रहण शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। साथ ही पार्किंग में बिखरी शराब की बोतलों का तस्वीर दिखाई थी। इसके बाद दूसरे दिन ही प्रशासन को यह संदेश मिल गया कि गृहमंत्री लघु सचिवालय का निरीक्षण करेंगे। उनके आने से पहले यहां जिस तरह पसीना बहाया गया, उसकी बदौलत 13 जुलाई को लघु सचिवालय परिसर चंद खामियों के बावजूद ठीक नजर आया, जो लिफ्ट कल तक बंद थी, वह भी आज चालू अवस्था में नजर आई।
भवन बड़ा है, यहां सफाई के लिए मंगाई जाएंगी मशीनें : विज
गृहमंत्री ने कहा कि निरीक्षण के दौरान पूरे लघु सचिवालय में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि भवन बहुत बड़ा है और यहां मैनुअल तरीके से पूरे भवन की सफाई करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डों पर जिस तरह की मशीनों से सफाई होती है, उस तरह की मशीनें इस भवन के लिए भी मंगाई जाएंगी। उन्होंने अंडर ग्राउंड पार्किंग में कितनी गाड़ियां खड़े करने की व्यवस्था है, इसकी जानकारी भी एसडीएम से ली। साथ ही नियमित सफाई के निर्देश दिए। वहीं विज ने लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को फर्श से संबंधित टाइलों व एक तल पर सीलिंग से संबंधित कार्यों को दुरुस्त करने के निर्देश दिये।