अंबाला। अंबाला रेल मंडल के अधीन चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब प्लेटफार्म नंबर 1 का विस्तार किया जाएगा।इसलिए इस प्लेटफार्म को आगामी 29 दिनों के लिए पूर्ण तौर पर बंद रखा जाएगा। इससे चंडीगढ़ से चलने वाली ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। रेलवे ने प्रभावित होने वाली ट्रेनों को लेकर शुक्रवार शाम को आदेश जारी किए हैं।
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक नवीन कुमार ने बताया कि लखनऊ से चंडीगढ़ के बीच दोनों दिशाओं में संचालित होने वाली ट्रेन नंबर 15011 व 12 अब 11 जुलाई से आठ अगस्त तक अंबाला कैंट स्टेशन तक ही जाएगी और यहीं से पुन: संचालित होगी। इसी प्रकार 12527 और 28 रामनगर-चंंडीगढ़-रामनगर 15 जुलाई से पांच अगस्त तक अंबाला स्टेशन पर रद्द होगी और यहीं से दोबारा प्रस्थान करेगी जबकि चंडीगढ़ से मडगांव के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 12449 को 16 जुलाई से सात अगस्त तक बीच रास्ते रोककर चलाया जाएगा। वहीं, ट्रेन नंबर 15531 व 32 सहरसा-अमृतसर-सहरसा, 12925 व 26 मुंबई-अमृतसर-मुंबई सरहिंद-साहनेवाल के रास्ते दोनों दिशाओं में चलाया जाएगा। इसी प्रकार प्लेटफार्म 1 और 2 से पर आने और चलने वाली 38 ट्रेनों को भी 3,4,5 व 6 प्लेटफार्म से चलाया जाएगा। संवाद