संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। फोनिक्स क्लब के चुनावों को लेकर नामांकन के दूसरे दिन एक साथ 7 सदस्यों ने अपने-अपने पदों के लिए दावेदारी पेश की। सुबह 9 से शाम 5 बजे तक यह सिलसिला चला। चेयरमैन पद के लिए पहला नामांकन नीरज पराशर ने भरा। 2019-20 के चेयरमैन व बीच-बीच में सचिव, संयुक्त सचिव व कोषाध्यक्ष रह चुके नीरज ने चेयरमैन के लिए अपनी दावेदारी ठोकी है। इसके अलावा कोषाध्यक्ष के लिए अरविंद अग्रवाल, संयुक्त सचिव के लिए हेमंत मंगल व एग्जीक्यूटिव सदस्यों के लिए सुरेश कुमार विग, विकास चोना, राजेश गोयल, जेपीएस ओबराय ने नामांकन भरा है। जबकि नामांकन भरने के लिए पहले दिन केवल सचिव पद के लिए नरेंद्र विज सामने आए थे। अब सभी सदस्यों की निगाहें आज यानी 11 मार्च को नामांकन भरने के अंतिम दिन पर टिकी है। सभी देखना चाहते हैं कि आखिर कौन-कौन से चेहरे चेयरमैन सहित अन्य पद के लिए दावेदारी करेंगे। तभी चुनावी मुकाबला दिलचस्प होगा। बता दें कि क्लब के चुनाव 20 मार्च को होंगे। जोकि क्लब के चेयरमैन, सचिव, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव सहित छह एग्जीक्यूटिव सदस्यों के लिए होंगे। 11 की शाम को जांच होगी और 13 मार्च शाम 5 बजे तक नामांकन वापस ले सकते हैं। क्लब में कुल 870 सदस्य है।