अंबाला। ऑल इंडिया बीएसएनएल डीओटी पेंशनर्स एसोसिएशन जिला अंबाला की इकाई की ओर से धरना प्रदर्शन किया गया। यह धरना प्रदर्शन मुख्य महाप्रबंधक टेलीकॉम हरियाणा सर्कल के कार्यालय के बाहर एनसीसी पीए और सीएचकयू दिल्ली के आह्वान पर किया गया। इस धरना प्रदर्शन में हरियाणा प्रदेश के अध्यक्ष रामकुमार कलसी ने कहा कि यह प्रदर्शन केंद्रीय सरकार की पेंशनर विरोधी नीतियों और कानून के विरोध में है। उन्होंने बताया कि सरकार ने जो बिल 25 और 27 मार्च को लोकसभा और राज्यसभा दोनों में पारित किया था। यह भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 का घोर उल्लंघन है तथा जीएस नकारा मामले में 17 दिसंबर 1982 को सर्वोच्च न्यायालय की संविधान पीठ के ऐतिहासिक निर्णय को चुनौती देता है। सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट शब्दों में आदेश दिया था कि कृत्रिम कट ऑफ तिथियां के आधार पर पेंशनरों को विभाजित करना भेद भावपूर्ण तथा संवैधानिक प्रावधानों का उल्लंघन है। यह पेंशनरों पर उनके कठिन परिश्रम से अर्जित अधिकारों पर क्रूर हमला है। उन्होंने बताया कि वीरवार को पूरे देश में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में कई संस्थाएं भाग ले रही हैं। इस अवसर पर प्रधान जेपी गुप्ता, जिला सचिव मुकुंद सिंह, रामचंद्र, राजेंद्र कुमार ठाकुर, भगतराम, राजिंदर कुमार शर्मा आदि माैजूद रहे।